Akshargram Network

From सर्वज्ञ

अक्षरग्राम नैटवर्क हिन्दी चिट्ठाकारों के कुछ सामूहिक जालस्थलों का समूह है जो कि अक्षरग्राम परिवार के नाम से भी जाना जाता है। इसकी अधिकतर साइटें तथा सेवाएं अव्यावसायिक तथा लाभरहित हैं जो कि इंटरनैट पर हिन्दी के प्रचार प्रसार से जुड़ी हैं। अक्षरग्राम परिवार के संस्थापक पंकज नरुला हैं। उनके साथ अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने मिलकर इसे समृद्ध बनाने में अपना योगदान दिया। अक्षरग्राम नैटवर्क की प्रमुख साइटों का विवरण इस प्रकार है।

अक्षरग्राम: अक्षरग्राम हिन्दी चिट्ठाकारों का आधिकारिक ग्रुप ब्लॉग है। शुरुआत में इसे एक सामान्य सामूहिक ब्लॉग के रुप में आरंभ किया गया था लेकिन वर्तमान में इसका उपयोग मुख्यतः चिट्ठाकारी संबंधी चर्चा अथवा किसी भी प्रकार की सूचना आदि देने के लिए एक आधिकारिक मंच के रुप में किया जाता है। इसके कर्ताधर्ता पंकज नरुला उर्फ मिर्ची सेठ हैं। अनुगूँज का आयोजन अक्षरग्राम पर ही होता है।

नारद - रखे सबकी खबर: नारद हिन्दी चिट्ठाकारों का ब्लॉग एग्रीगेटर है जो कि सभी हिन्दी ब्लॉगों की फीड का उपयोग कर उन सब की नवीनतम पोस्टों को एक जगह दिखाता है। हिन्दी चिट्ठाजगत में चिट्ठों पर आवागमन नारद के जरिए ही होता है। अपना चिट्ठा नारद पर अवश्य पंजीकृत कराएं।

इसका संचालन जीतेन्द्र चौधरी करते हैं। नारदमुनि से किसी भी प्रकार के संवाद के लिए SunoNarad AT GMail DOT Com पर ईमेल करें। नारद संबंधी पत्र व्यवहार हेतु जीतेंद्र के निजी ईमेल पते का उपयोग न करें।

सर्वज्ञ चिट्ठा ज्ञानकोष: सर्वज्ञ एक हिन्दी ज्ञानकोष अर्थात विकी है जिस पर हिन्दी टाइपिंग, हिन्दी ब्लॉगिंग तथा अन्य सभी प्रकार की हिन्दी कंप्यूटिंग संबंधी जानकारियों का संग्रह है। इस ज्ञान सागर में आपको हिन्दी चिट्ठाकारी के सामूहिक प्रयासों का अथाह ज्ञान भंडार मिलेगा। आप भी इसमें अपना योगदान दे सकते है। इसका संचालन श्रीश शर्मा करते हैं।

परिचर्चा: परिचर्चा एक हिन्दी फोरम है जिस पर हिन्दी टाइपिंग तथा ब्लॉग/वेबसाइट संबंधी मदद के अतिरिक्त भी अपनी भाषा में मनोरंजन हेतु बहुत कुछ है। यह अंतर्जाल की पहली हिन्दी फोरम है जो पूर्णतया देवनागरी लिपि में है। परिचर्चा हिन्दी चिट्ठाकारों की अपनी फोरम है। परिचर्चा का उद्देश्य हिन्दी चिट्ठाकारों के बीच वार्तालाप को और प्रगाढ़ बनाना है। यदि आपके पास किसी भी विषय पर कोई सवाल है और चाहते है बाकी के चिट्ठाकार भी उसका जवाब दें तो चूकिए नही, लिख डालिए अथवा किसी मुद्दे ने आपकी नींद उड़ा रखी है तो आइए ना, हमारा परिचर्चा 24 घन्टे और सात दिन यानि 24×7 खुला रहता है। इसका संचालन अमित गुप्ता करते है।

प्रतिबिंब: प्रतिबिंब हिन्दी चिट्ठाकारों का सामूहिक फोटो ब्लॉग है जहाँ पर आप भी अपने खींचे फोटो प्रकाशित कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए यहाँ जाएं।

इन सब के अतिरिक्त हिन्दी डिग साइट बीटा संस्करण में चल रही है। अक्षरग्राम नेटवर्क के सामूहिक प्रयासों की जानकारी आप यहाँ पर भी पा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त हिन्दी संजालजगत में अक्षरग्राम परिवार की कई सहयोगी/सामूहिक साइटें तथा सेवाएं हैं जिनके बारे में आप यहाँ पढ़ सकते हैं: हिन्दी ब्लॉगजगत सामूहिक साइटें तथा सेवाएं

Personal tools