Email in Hindi
From सर्वज्ञ
[edit] हिन्दी में ईमेल
पुराने समय में जब यूनिकोड तथा हिन्दी में टाइप करने के साधन लोकप्रिय नहीं थे, तब कुछ वैब आधारित ईमेल सेवा प्रदाता अपने वैब इण्टरफेस द्वारा हिन्दी टाइप करके मेल भेजने की सुविधा देते थे। यह ईमेल अयूनिकोडित ऑस्की फॉण्टों में होती थी अतः पढ़ने वाले के पास भी उस फॉण्ट का होना अनिवार्य होता था। वैबदुनिया की ईपत्र सेवा भारतीय भाषाओं में मेल भेजने की सुविधा देने वाली पहली सेवा थी। इसके अतिरिक्त इन फॉण्टों की कई सीमाएँ थी जैसे कि ईमेल के विषय पंक्ति (Subject) आदि अंग्रेजी में ही होती थीं।
यूनिकोड के आगमन तथा टाइपिंग औजारों की सुलभता के बाद हिन्दी में ईमेल टाइप करने के लिए इस तरह की सेवाओं की अनिवार्यता खत्म हो गई। विभिन्न IME की सहायता से वैब आधारित ईमेल सेवा के इनबॉक्स अथवा ऑफलाइन ईमेल क्लाइंट जैसे आउटलुक एवं मोजि़ला थंडरबर्ड आदि में सीधे ही हिन्दी टाइप करना सम्भव हो गया। साथ ही विभिन्न ईमेल सेवाप्रदाताओं द्वारा यूनिकोड के लिए समर्थन भी दिया जाने लगा। यूनिकोड हिन्दी में मेल भेजने का एक फायदा यह होता है कि प्राप्तकर्ता के पास किसी विशिष्ट हिन्दी फॉण्ट का होना अनिवार्य नहीं, उसके पास कोई भी यूनिकोड श्रेणी का फॉण्ट हो तो भी वह उस मेल को हिन्दी में पढ़ पाएगा। अधिकतर नए ऑपरेटिंग सिस्टमों जैसे विण्डोज एक्सपी, विण्डोज विस्ता आदि में यूनिकोड फॉण्ट पहले से होते हैं।
यद्यपि इण्टरनैट पर बहुत सी ईमेल सेवाएँ प्रचलित हैं लेकिन भारत में जीमेल तथा याहू मेल सर्वाधिक लोकप्रिय हैं। इनमें से याहू मेल एवं अन्य कई ईमेल सेवाओं का यूनिकोड सपोर्ट अधकचरा है जिसके कारण एन्कोडिंग गड़बड़ा जाने से भेजा गया संदेश अक्सर कचरा बन जाता है। दूसरी ओर जीमेल का यूनिकोड समर्थन अत्यंत उत्तम है। इसके अतिरिक्त यह कई विशेष सुविधाएँ भी उपलब्ध करवाता है जैसे लगभग 2 जीबी का विशाल भण्डारण स्थान, स्पैम सुरक्षा, श्रेणियाँ (Labels) तथा महत्वपूर्ण मेल को चिह्नित करना आदि शामिल हैं।
यह आपकी मेलबॉक्स में ही गूगल सर्च की सुविधा भी देता है जिससे आप अपनी हजारों मेल में से भी वांछित मेल को ढूंढ सकते हैं। पॉप एक्सैस की सुविधा के चलते ईमेल क्लाइंट के द्वारा ऑफलाइन भी मेल लिखी जा सकती है तथा ऑनलाइन होने पर प्रेषित की जा सकती है। सीमित इण्टरनैट कनैक्शन वालों के लिए यह सुविधा बहुत उपयोगी है। इस काम के लिए मोजि़ला का थण्डरबर्ड उत्तम सॉफ्टवेयर है क्योंकि इसमे यूनिकोड (UTF-8) एन्कोडिंग में मेल भेजने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जीमेल में अन्दर ही चैट की सुविधा भी प्रदान की गई है जिससे आप अपने मित्रों से हिन्दी में गपशप कर सकते हैं।
हाल ही में गूगल ने इण्डिया लैब्स आरम्भ की है जो कि भारतीय भाषाओं के लिए औजार बनाने हेतु कार्य करेगी। अतः उम्मीद है कि भविष्य में कभी जीमेल में ही हिन्दी टाइप करने की अंतर्निमित सुविधा भी मिल जाए।
