Google Indic Transliteration
From सर्वज्ञ
गूगल इण्डिक ट्राँसलिट्रेशन गूगल का लिप्यंतरण आधारित ऑनलाइन हिन्दी टाइपिंग सेवा/औजार है। वर्तमान में यह एक अलग ऑनलाइन टाइपिंग औजार के तौर पर उपलब्ध होने के अतिरिक्त गूगल की ब्लॉगिंग सेवा ब्लॉगर में तथा सोशल नैटवर्किंग सेवा ऑर्कुट में उपलब्ध है।
ब्लॉगर में इसे सक्षम करने के लिए इस लिंक पर जाएँ अथवा अपने ब्लॉग के डैशबोर्ड में Settings -> Basic में जाकर Show transliteration button for your posts नामक लिस्ट बॉक्स में Yes चुनें।
ऑर्कुट में इसे सक्षम करने हेतु अपना प्रोफाइल सम्पादित करें तथा बोली जाने वाली भाषाओं की सूची (Languages that I speak) में Hindi शामिल करें। अब किसी भी मित्र के स्क्रैपबॉक्स में हिन्दी टाइपिंग औजार उपलब्ध हो जाएगा। बस स्क्रैपबॉक्स के ऊपर Type in Hindi नामक चैकबॉक्स को चिह्नित कीजिए अथवा Ctrl + g कुञ्जियाँ दबाइए।
यह औजार ध्वन्यात्मक ( फोनेटिक) श्रेणी का है लेकिन जो चीज इसे इससे पहले के सभी औजारों से अलग बनाती है वो है इसका मशीन इंटैलीजैंस युक्त होना। यह डिक्शनरी आधारित तंत्र है तथा प्रयोक्ता द्वारा प्रविष्ट किय गए रोमन शब्दों को डिक्शनरी से मिलान कर सर्वाधिक उपयुक्त हिन्दी शब्द में लिप्यंतरित (ट्राँसलिट्रेट) करता है। इसी खूबी की वजह से यह उन लोगों के लिए अत्यन्त सरल एवं उपयुक्त है जो हिन्दी को रोमनागरी में लिखने के अभ्यस्त हैं। यद्यपि फोनेटिक औजारों अपनी ध्वन्यात्मक टाइपिंग पद्धति के कारण वैसे भी सरल होते हैं परन्तु फिर भी उनकी ट्राँसलिट्रेशन स्कीम नियत होती है जबकि इस औजार के डिक्शनरी आधारित होने के कारण शब्दों को एकाधिक तरीके से रोमन में लिख कर देवनागरी में प्राप्त किया जा सकता है।
आम तौर पर लिप्यन्तरण आधारित फोनेटिक औजारों में अन्य हिन्दी टाइपिंग विधियों की अपेक्षा अधिक कुञ्जियाँ दबानी पड़ती हैं क्योंकि विभिन्न हिन्दी वर्ण कई रोमन अक्षरों के संयोजन से बनते हैं, इसके अतिरिक्त हर वर्ण के पीछे स्वर पूरा करने हेतु a लगाना होता है। लेकिन इस औजार में न तो a लगाना पड़ता है, साथ ही कुञ्जियाँ भी कम दबानी पड़ती हैं। हाँ चूंकि यह सेवा सर्वर पर आधारित है इसलिए यह ऑफलाइन काम नहीं करती।
[edit] इतिहास
यह औजार सबसे पहले मार्च २००७ में गूगल की ब्लॉगिंग सेवा ब्लॉगर में आया था [1],[2]। अगस्त २००७ में गूगल द्वारा भारतीय भाषाओँ में कम्प्यूटिंग सम्बंधी विकास हेतु इण्डिया लैब्स के आरम्भ के साथ ही यह औजार एक अलग ऑनलाइन सेवा के तौर पर उपलब्ध करवाया गया। इसके पश्चात सितम्बर २००७ में यह टूल गूगल की सोशल नैटवर्किंग सेवा ऑर्कुट में भी आ गया। इसके अतिरिक्त यह टूल अभी गूगल के मुख्य पेज पर तो नहीं आया लेकिन गूगल के हिन्दी खोज पन्ने पर गूगल सुझाव हिन्दी में मिलने लगे हैं। अतः उम्मीद है कि भविष्य में यह औजार भी वहाँ उपलब्ध होगा।
गूगल द्वारा इण्डिया लैब्स के आरम्भ करने के पश्चात उम्मीद है कि एक दिन यह औजार गूगल के मुख्य खोज पृष्ठ, ईमेल सेवा - जीमेल तथा चैटिंग सेवा - गूगल टॉक में भी उपलब्ध हो जाएगा। इस बारे इण्डिया लैब्स की मेलिंग लिस्ट पर अक्सर मांग उठाई जाती रहती है। उम्मीद है कि इण्डिया लैब्स इस दिशा में काम कर रही है तथा जल्द ही परिणाम सामने आएगा।
[edit] सम्बंधित कड़ियाँ
- हिन्दी पर ब्लॉगस्पॉट मेहरबान
- गूगल द्वारा ब्लॉगर में ट्राँसलिट्रेशन टूल की आधिकारिक घोषणा
- अब आप हिन्दी में ब्लॉग कर सकते हैं!
- गूगल लाया ऑर्कुट में हिन्दी टाइपिंग औजार
- Blogger Help - How do I use the transliteration feature?
- Blogger Help - Devanāgarī-Roman Character Mappings
- Blogger Help Group - Transliteration in Blogger
